नया साल लेकर आएगा थर्ड वर्ल्ड वॉर? पुतिन और किम के इरादों से दहशत में दुनिया

 

 नई दिल्ली, नया साल आने वाला है और चीन में कोरोना पीक पर है। आने वाले दिन कोरोना के लिहाज से बेहद चिंता की बात है। इसके अलावा एक और चीज है जिससे दुनियाभर में दहशत हैं। इसकी वजह हैं- रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तरी कोरिया के तानाशाह राष्ट्रपति किम जोंग का दिमाग। पश्चिमी देश इन दोनों नेताओं को सनकी भी कहती है। एक तरफ यूक्रेन दावा कर रहा है कि पुतिन बेलारूस के तानाशाह के साथ मिलकर बहुत विनाशकारी योजना बना रहा है। पुतिन भी स्पष्ट कर चुके हैं कि जीत से कम उन्हें नहीं चाहिए। उधर, उत्तरी कोरिया का तानाशाह किम बैलिस्टिक मिसाइल दागने से बाज नहीं आ रहा है। नॉर्थ कोरिया की घातक मिसाइलें कभी जापान में गिरती हैं कभी दक्षिण कोरिया में। इन दोनों नेताओं के इरादे नए साल में बड़ा संकट पैदा कर सकते हैं। क्या ये थर्ड वर्ल्ड वॉर की आहट है? रूस और यूक्रेन की जंग को एक साल होने वाला है। 24 फरवरी को रूस ने पूरी ताकत से यूक्रेन की धरती पर हमला बोला था। इस युद्ध में अभी तक लाखों लोगों की जान जा चुकी है, अरबों की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। यूक्रेन के खूबसूरत शहर श्मशान घाट में बदल चुके हैं लेकिन, पुतिन पिघलने वाले नहीं हैं। पुतिन के मुलाजिम साफ कर चुके हैं कि रूस यूक्रेन के साथ कोई समझौता नहीं करने वाला। कुछ दिन पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अपने इरादे बताते हुए कहा कि यूक्रेन के पास हमारी बात मानने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। अगर वो ऐसा नहीं करता है तो रूसी सेना इसका जवाब देगी।