कृष्ण जन्म की झांकी में बनेगा सात दरवाजों वाला कारावास

 


रायपुर । रोहिणी नक्षत्र के संयोग में आधी रात को ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम श्रीकृष्ण मंदिरों में मचेगी। मंदिर में कारावास के सात दरवाजों की झांकी बनाई गई है। इसे फूलों से सजाया जाएगा। रात्रि में संगीत के माध्यम से बिजली के कड़कने और जन्म के बाद कान्हा के रोने की आवाज गूंजेगी। महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन के दौरान सादगी से नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। अनेक मंदिरों में 251 लीटर दूध से श्रीकृष्ण के बाल रूप वाली प्रतिमा का अभिषेक किया गया। आधी रात को केवल 45 मिनट तक अष्टमी होने से 12.44 बजे तक महाआरती की जाएगी। इसके बाद नवमी तिथि लगेगी।

बताते चलें कि सोमवार सुबह नौ बजे से दुग्धाभिषेक की तैयारियां शुरू हो गईं थीं। जवाहर नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में कान्हा की प्रतिमा का 251 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। इसी तरह समता कॉलोनी के मंदिर में भी 251 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित लल्लू महाराज ने बताया कि प्रमुख पुजारी पंडित मलैया महाराज के सान्निध्य में जुगलजोड़ी सरकार का दुग्धाभिषेक किया गया। इसके बाद श्रृंगार करके महाआरती की गई।