नाबालिग बहनों से दुष्कर्म, आरोपितों ने माता-पिता सहित बनाया बंधक

 

इंदौर। नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। भंवरकुआं पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपितों ने पीड़िताओं के माता-पिता को भी बंधक बना लिया था। पुलिस आरोपितों के स्वजन से पूछताछ कर रही है। भंवरकुआं टीआइ शशिकांत चौरसिया के मुताबिक, घटना त्रिवेणी नगर चितावद की है। दो नाबालिग बहनें रिश्तेदार के घर पर रहती थी। इस दौरान आरोपित कृष्णा बनोधा दोनों बहनों के साथ दुष्कर्म करने लगा। यह बात कालोनी में रहने वाले ऋतिक पप्पूलाल को पता चली तो उसने भी ब्लैकमेल कर संबंध बनाए। कुछ समय पूर्व दोनों बहनों ने माता-पिता को घटना बताई तो इसका विरोध हुआ। रिपोर्ट करने की धमकी दी तो आरोपितों ने दोनों बहनों और उनके माता-पिता को बंधक बना लिया। शुक्रवार को अफसरों तक जानकारी पहुंची और दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।