वाहन अंडर ब्रिज के बीच खराब होने से लगा जाम, पांच घंटे से ट्रैफिक में फंसे लोग

 

भिलाई। भिलाई 3 के सिरसा गेट अंडर ब्रिज में रविवार की सुबह से जाम लगा हुआ है। सुबह 9:05 बजे एक बड़ा कंटेनर वाहन अंडर ब्रिज के बीच में खराब हो गया। इसके चलते ब्रिज के दोनों तरफ भारी जाम लग लगा गया। कई लोग करीब चार घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। अंडरब्रिज में जाम लगने के कारण भिलाई-3 और सिरसा गांव के बीच आवाजाही नहीं हो पा रही। यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। यातायात पुलिस व्यवस्था बनाने के लिए काफी प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक कंटेनर वाहन के बाहर न निकाले जाने के कारण जाम नहीं खुल सका है। बताया जा रहा है कि कंटेनर वाहन सिरसा की ओर से भिलाई-3 की तरफ आ रहा था। ब्रिज के ठीक बीच में आने के बाद कंटेनर वाहन का ब्रेक डाउन हो गया और गाड़ी खड़ी हो गई। दोनों तरफ से जा रहे वाहन चालक निकलने के चक्कर में बीच में ही फंस गए। उनके पीछे पीछे चल रहे कई वाहन भी कतार में फंस गए। स्थिति ये है कि अभी भी कई चार पहिया और दो पहिया वाहन ब्रिज में फंसे हुए हैं। यातायात पुलिस के जवानों को दोनों तरफ तैनात किया गया है। वे वाहन चालकों को अंडरब्रिज की तरफ जाने से रोक रहे हैं।