प्रदेश में धान खरीदी का आज आखिरी मौका

 

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का लक्ष्य पूरा होने को है। 31 जनवरी आखिरी तारीख है। प्रदेश में 110 लाख टन धान की खरीदी लक्ष्य है और अब तक आंकड़ा 107 लाख टन से पार हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में एक नवंबर 2022 से शुरू हुई धान खरीदी का महाभियान निरंतर जारी है। अब तक राज्य के 23.39 लाख किसानों ने धान विक्रय किया है। धान खरीदी के भुगतान के लिए मार्कफेड द्वारा अपैक्स बैंक को 22 हजार करोड़ रुपये जारी कर दिया गया है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए निरंतर धान का उठाव जारी है। 107 लाख टन खरीदे गए धान में से लगभग 96 लाख टन धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 89 लाख टन से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 30 जनवरी को 6,905 किसानों से 23 हजार टन से अधिक धान की खरीदी की है। आनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से दो हजार टन धान की खरीदी हुई है।