अब पनामा नहीं पाठशालाओं की होती है चर्चा - सीएम भूपेश बघेल

 

 रायपुर।  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ में अब पनामा नहीं पाठशालाओं की चर्चा होती है। हमारे बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले इसके लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं। जहां जा रहा हूं, सब जगह सरकारी स्कूल की मांग हो रही है, यह एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने लिखा है कि डेढ़ दशक के गड्ढे को भरना बड़ी चुनौती थी, कुछ भर गए, कुछ बाकी हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने नईदुनिया में अभिभावकों का बढ़ा भरोसा, बच्चों ने भरी उड़ान शीर्षक से प्रकाशित खबर को इंटरनेट मीडिया पर ट्वीट करके उक्त बातें लिखी हैं। मुख्यमंत्री के ट्वीट को महज चार घंटे के भीतर ही साढ़े सात हजार लोगों ने देखा और 68 ने रि-ट्वीट भी किया। 217 से अधिक लोगों ने लाइक करके कमेंट भी लिखे। ज्यादातर ने बेहतर पहल करार दिया है। मुख्यमंत्री के इस ट्वीट के बाद प्रदेश में राजनीति भी गर्म हो गई है।