सड़क हादसे में तीन की मौत, तीन घायल

 

भिलाई । छत्तीसगढ़ के भिलाई में बुधवार की देर रात और गुरुवार की सुबह शहर में दो स्थानों पर सड़क हादसे हुए। जिसमें कुल तीन लोगों की मौत हुई है। बुधवार की देर रात करीब एक बजे ठगड़ाबांध ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दो बाइक पर सवार चार लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक छिटककर ओवरब्रिज के नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। जिसमें दो की हालत ज्यादा गंभीर है। इसके अलावा खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा तिराहा पर गुरुवार की सुबह एक डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार मां-बेटे की मौत हो गई।

ठगड़ाबांध ओवरब्रिज पर हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक पद्मनाभपुर चौकी क्षेत्र के ठगड़ाबांध ओवरब्रिज बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक घटना हुई। रिसाली सेक्टर निवासी लोकेश डहरिया (26) और बालाघाट मध्यप्रदेश निवासी विक्रांत सिंह, यशवंत कोसले व देव सिंह मरकाम दो बाइक से जेल रोड की ओर जा रहे थे। चारों होर्डिंग बोर्ड लगाने का काम करते हैं और रात के समय में ही अपना काम करते थे। वे लोग काम करने के लिए ही निकले थे। इसी दौरान जेल रोड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रांग साइड में आकर दोनों बाइक पर सवार चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में लोकेश डहरिया छिटककर ओवरब्रिज के नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा बाकि के तीनों युवक घायल हो गए। जिनमें यशवंत कोसले और देव सिंह मरकाम की हालत ज्यादा गंभीर है। उन्हें जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है। घटना के तुरंत बाद आरोपित स्कार्पियो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

डंपर ने स्कूटी में मारी टक्कर, मां-बेटे की मौत

इसके अलावा खुर्सीपार थाना क्षेत्र डबरापारा तिराहा पर गुरुवार की सुबह करीब सात बजे एक घटना हुई। जिसमें डाक बंगला पुरैना निवासी शशिकला मिश्रा (50) और उसके बेटे अश्विनी मिश्रा (30) की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक अश्विनी मिश्रा हथखोज की एक कंपनी में वेल्डिंग का काम करता था। रोजाना वो अपनी मां के साथ स्कूटी से कंपनी जाता था। वापसी में उसकी मां स्कूटी लेकर वापस घर लौट जाती थी।

गुरुवार की सुबह कंपनी जाते समय डबरापारा तिराहा के पास वे लोग जैसे ही हथखोज के लिए मुड़े। अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आ गए। गाड़ी को अश्विनी चला रहा था और वो मोड़ पर गाड़ी नियंत्रित नहीं कर सका। हादसे में मां-बेटे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही मामलों में एक समानता ये है कि घटना के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।