सपा को बाजी पलटने की उम्मीद, पिछड़ने पर टीवी को भी दिया दोष; होगा बिहार जैसा चमत्कार?

 


उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत मतगणना जारी है। दोपहर करीब 11:30 बजे तक आए रुझानों के मुताबिक यूपी में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने जा रही है। रुझानों में पिछड़ने के बाद समाजावादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं को टीवी पर दिखाए जा रहे रुझानों पर ध्यान नहीं देने को कहा है। सपा को अब भी वापसी की उम्मीद है और पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को काउंटिंग सेंटर्स पर डटे रहने को कहा है। सपा को 2015 बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों में दोपहर तक हुए फेरबदल जैसे चमत्कार की उम्मीद है। समाजवादी पार्टी ने यह भी कहा है कि अंतिम परिणाम उसके पक्ष में ही रहेगा। सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा गया, ''सभी समाजवादियों और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है कि टीवी पर दिखाए जा रहे रुझानों पर ध्यान न देते हुए अपने अपने बूथों पर डंटे रहे अंत में लोकतंत्र जीतेगा और परिणाम सपा गठबंधन के पक्ष में होंगे।'' एक अन्य ट्वीट में सपा ने कहा कि ज्यादातर सीटों पर 200-300 वोटों का अंतर है, टीवी मीडिया द्वारा परसेप्शन का खेल खेला जा रहा है। सपा कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करने का खेल मीडिया और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा खेला जा रहा है जिससे सपा कार्यकर्ता मतगणना स्थल छोड़ दें और अंतिम परिणामों में भाजपा बेईमानी कर सके।'' हालांकि बाद में दो ट्वीट डिलीट कर दिए गए। कार्यकर्ताओं से मनोबल बनाए रखने की अपील करते हुए पार्टी ने कहा, ''सपा कार्यकर्ता और जनता हतोत्साहित न हों और अपना मनोबल न तोड़ें ,सपा गठबंधन अंतिम परिणामों में जीतेगा ,सपा कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे और बेईमानी की किसी भी संभावना पर अपना विरोध दर्ज करायें ,TV मीडिया व सर्वे एजेंसियां जनमत को तय नहीं कर सकते ,जनता ने अपना मत सपा को दिया है!'' 11:30 बजे तक आए रुझानों के मुताबिक, बीजेपी 262 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि सपा 131 सीटों पर बढ़त हासिल किए हुए है। बसपा को बड़ा नुकसान होता दिख रहा है। बसपा महज 4 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 3 सीटों पर आगे है। 2 सीटों पर अन्य बढ़त बनाए हुए हैं। अब तक के आए ट्रेंड को देखकर राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यहां से आंकड़ों के पूरी तरह पलट जाने की संभावना बेहद नगण्य है।