प्रयागराज जा रही बस से जब्त किया 15 किलो गांजा

 

बिलासपुर ।  प्रयागराज जाने वाली तिवारी बस के चालक और कंडक्टर द्वारा गांजा तस्करी करने का मामला सामने आया है। पेंड्रा पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली, तब चालक और कंडक्टर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। तलाशी लेने पर बस से 15 किलो गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने गांजा और बस को जब्त कर लिया है। फरार चालक और कंडक्टर की खोजबीन की जा रही है। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की है। पुलिस विवेचना में जुटी है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मार्ग से गांजा तस्करी जोरों से चल रहा है। इस रास्ते से मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश में गांजा सप्लाई हो रही है। तस्कर फल वाहन, माल वाहक, सब्जी वाहन का उपयोग करते हैं। बीते बुधवार की रात 10.30 बजे पेंड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जाने वाली तिवारी बस का चालक और कंडक्टर गांजा भी दूसरे राज्यों में सप्लाई करते हैं। किसी को शक न हो इसलिए बस चालक अपने सीट के नीचे गांजा को छिपाकर रखता है। सूचना पर पुलिस की टीम ने प्रयागराज जाने वाली तिवारी बस को रोककर तलाशी शुरू की। बस में यात्री भी बैठे थे। पुलिस की टीम को देखकर बस चालक और कंडक्टर फरार हो गए। पुलिस की टीम ने चालक की सीट के आसपास खोजबीन की। तब प्लास्टिक के पैकेट में 15 किलो गांजा मिला। गांजा और बस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बस मालिक को थाना आने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद चालक और कंडक्टर के बारे में जानकारी ली जाएगी। पुलिस ने आरोपित चालक और कंडक्टर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। 

पुलिस को देखकर घबरा गए यात्री

तिवारी बस में प्रयागराज जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। बस के अंदर पुलिस की टीम को देखकर यात्री घबरा गए। पुलिसकर्मियों ने कुछ यात्रियों की तलाशी भी ली, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया था। इसके बाद पुलिस ने स्पष्ट रूप से घटना के बारे में जानकारी दी।