अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरा देश हुआ योगमय

 नयी दिल्ली दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शुक्रवार को पूरा देश योगमय हो गया और सांस्कृतिक-धार्मिक बंधनों से परे लोगों ने योगाभ्यास करने के साथ स्वस्थ एवं रोगमुक्त जीवन के मूलमंत्र योग को आत्मसात करने का संकल्प लिया। संसद भवन परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अगुवाई में योग दिवस मनाया गया। श्री बिरला ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा , “आज योग सम्पूर्ण विश्व में एक आंदोलन है। पूरी दुनिया भाग्यशाली है कि हमारे पास योग के रूप में ऐसी शक्ति है जो हमारे अंदर संतुलन स्थापित कर हमें कुशल, सक्रिय और स्वाबलंबी बनाता है। पूरे विश्व में योग को स्वीकृति मिल रही है और योग जन-जन के दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है।”  दिल्ली में सुबह अनेक स्थानों पर योगाभ्यास का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।  केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने योगाभ्यास के लिए नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद, दिल्ली विकास प्राधिकरण तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के साथ करार किया था। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़‌ ने सुबह योगाभ्यास किया और लोगों को शुभकामनाएं देते हुए योग संदेश दिया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और अन्य नेताओं ने अलग-अलग स्थान पर योग आयोजनों का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में विशेष रूप से आयोजित योग शिविर का नेतृत्व किया और देश-दुनिया के लोगों को योद दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी। श्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि संयुक्त राष्ट्र की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के निर्णय के बाद पिछले एक दशक में दुनिया में योग का तेजी से विस्तार हो रहा है और इससे योग से जुड़ी धारणाएं बदली हैं। आज विश्व के बड़े-बड़े संस्थानों और विश्वविद्यालयों में योग पर अध्ययन चल रहे हैं तथा अनुसंधान-पत्र प्रकाशित किए जा रहे हैं। अब सीमित दायरों से बाहर निकल रहा है। आज दुनिया एक नयी योग इकॉनामी को आगे बढ़ते देख रही है। भारत में ऋषिकेश, काशी से लेकर केरल तक, योग टूरिज़्म का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। दुनिया भर से पर्यटक इसलिए भारत आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें यहां प्रामाणिक योग सीखना है। श्री मोदी ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कश्मीर और श्रीनगर का ये वातावरण, ये ऊर्जा और अनुभूति योग से हमें जो शक्ति मिलती है, श्रीनगर में हम उसे महसूस कर रहे हैं। मैं देश के सभी लोगों को, दुनिया के कोने-कोने में योग कर रहे लोगों को कश्मीर की धरती से योग दिवस की बधाई देता हूँ।” उल्लेखनीय है कि श्री मोदी ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। भारत के इस प्रस्ताव का 177 देशों ने समर्थन किया था जो एक रिकाॅर्ड है। केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के जम्मू वायु सेना स्टेशन पर शुक्रवार को 'स्वयं और समाज के लिए योग' विषय पर वायु सेना के जवानों ने 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। वायु सेना स्टेशन के हरे-भरे मैदान में वायु योद्धाओं, डीएससी कर्मियों, एमईएस कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने योगाभ्यास किया।  उत्तर प्रदेश के मथुरा में सेना की 01 कोर में सैनिकों के साथ विभिन्न आसन और श्वास अभ्यास करके योग दिवस मनाया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे और जनरल ऑफिसर कमांडिंग, 01 कोर लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा के साथ वरिष्ठ अधिकारियों, अग्निवीरों, परिवारों और बच्चों सहित इस कार्यक्रम में भाग लिया। आज के दिन को राष्ट्र के लिए गर्व की बात बताते हुए श्री सिंह ने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आध्यात्मिक कल्याण को बढ़ावा देता है तथा यह आक्रामक क्षमताओं का सदुपयोग करने में सहायता करता है जो देश की सुरक्षा करने वाले सैनिकों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, 'हर भारतीय सैनिक एक तरह से योगी है। हमारे सैनिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का प्रमाण दुनिया कई बार देख चुकी है। न केवल सीमाओं पर, बल्कि राष्ट्रीय आपदाओं के दौरान हमारे सैनिकों की सेवा उनके मजबूत शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का सबूत है। जिस तरह से वे प्रतिकूल परिस्थितियों में अनावश्यक आक्रामकता से बचते हैं और जब भी जरूरत होती है, देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए आक्रामक रूप से खड़े होते हैं, वह योगी की उनकी पहचान को पुष्ट करता है।” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राजभवन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में सम्मिलित हुए और योगाभ्यास किया। उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी योगाभ्यास में हिस्सा लिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल मुख्यमंत्री निवास में आयोजित 'राज्य स्तरीय योगाभ्यास' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा,“ योग ईश्वर, अध्यात्म और आनंद से स्वयं को जोड़ने का मार्ग है। योग का एक-एक आसन शारीरिक ऊर्जा के साथ मानसिक रूप से भी मजबूती प्रदान करता है। हम सभी योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लें।” उन्होंने प्रदेश वासियों से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन योग करें, स्वस्थ रहें, ताकि जीवन के समस्त लक्ष्यों को पूर्ण कर सकें।  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस काॅलेज मैदान पर राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ हजारों की संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। इस मौके पर राज्य की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, गुरू खुशवंत साहेब एवं अनुज शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पंजाब के जालंधर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलजेले के नेतृत्व में पुरंटियर मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। तेलंगाना में विभिन्न शहरों में विभिन्न संगठनों द्वारा योग सत्र आयोजित किए गए, जिसमें योग विशेषज्ञों ने लोगों से बेहतर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग का अभ्यास करने का आग्रह किया। केंद्रीय खनन मंत्री जी किशन रेड्डी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मण ने हैदराबाद के निजाम कॉलेज मैदान में एबीवी फाउंडेशन और निजाम कॉलेज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। तेलंगाना, झारखंड के राज्यपाल और पुड्डुचेरी के उपराज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने रंगारेड्डी जिले के कान्हा गांव में कान्हा शांति वनम और हार्टफुलनेस संगठन की ओर से आयोजित योग दिवस समारोह में भाग लिया। उत्तराखंड के देहरादून में केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए) के पैवेलियन ग्राउंड के शांत वातावरण में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हिस्सा लिया। और आईजीएनएफए के नवनिर्मित बहुउद्देशीय हॉल का उद्घाटन भी किया। नैनीताल में आयाजित योग महोत्सव में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की योग भूमि ने पूरी दुनिया को योग का संदेश दिया है और आज पूरी दुनिया योगमय हो गई है। योग ऋषि स्वामी रामदेव तथा आचार्य बालकृष्ण के दिशा निर्देशन में पतंजलि वैलनेस, पतंजलि योगपीठ-2 स्थित योग भवन सभागार में 10वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘स्वयं और समाज के साथ यूनिवर्स के लिए योग’ विषय के साथ मनाया गया। राजस्थान की राजधान जयपुर स्थित सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयाजित राज्यस्तरीय योग समारोह में राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भाग लिया। श्री मिश्र ने लोगों को "योग स्वयं के लिए और समाज के लिए" का संकल्प दिलाया। संकल्प में उन्होंने सभी के सुखी होने, सभी के निरोग रहने और राष्ट्र और समाज के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इससे पहले उन्होंने सामूहिक समारोह में सभी के साथ योग आसन और प्राणायाम क्रियाएं भीं की। देश के अन्य राज्यों में योग दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किये जाने की रिपोर्टैं मिली है जहां लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।