मोदी ने नवीन की बिगड़ती सेहत के पीछे जताया ‘बड़ी साजिश’ का संदेह

 

बारीपदा (ओडिशा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की पिछले एक साल से बिगड़ती सेहत के पीछे ‘धोखाधड़ी और बड़ी साजिश’ का संदेह जताया। श्री मोदी ने यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा,“ दस जून को जब ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनेगी तो वह नवीन जी की सेहत के बारे में जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन करेगी और यह पता लगायेगी कि अचानक उनकी तबीयत क्यों बिगड़ गयी।” उन्होंने सवाल किया कि क्या ओडिशा के प्रशासन को हड़पने की कोशिश करने वाले लोग इस साजिश के पीछे हैं? प्रधानमंत्री ने कहा कि नवीन बाबू के शुभचिंतक खुलेआम कह रहे हैं कि उनकी तबीयत बहुत तेजी से बिगड़ रही है और वह कुछ भी करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोगों को मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य की स्थिति जानने का अधिकार है। उनके बिगड़ते स्वास्थ्य के पीछे की असली सच्चाई सामने आनी चाहिए। श्री मोदी ने सवाल किया कि क्या श्री पटनायक के नाम पर पिछले दरवाजे से सत्ता का आनंद लेने वाली लॉबी उनके बिगड़ते स्वास्थ्य के लिए जिम्मेदार नहीं है? उनके स्वास्थ्य की स्थिति का पता लगाने के लिए जांच जरूरी है।