भाजपा के ‘400 सीटें पार’ नारे का मकसद संविधान समाप्त करना है: उदित राज

 

नयी दिल्ली इंडिया समूह के उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.उदित राज ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बार 400 पार सीटों का जो नारा लगा रही है, उसका मकसद संविधान को खत्म करके अपनी तानाशाही लागू करना है। डॉ. राज ने यहां पार्टी कार्यालय में उनसे मिलने आये वाल्मिकी समुदाय के प्रतिनिधियों और दिल्ली नगर निगम के सैंकड़ों कर्मचारियों को संबोधित करते हुये कहा,“ इस बार हो रहा यह आम चुनाव देश और संविधान को बचाने की अग्नि परीक्षा है। मोदी सरकार अगर इस बार सत्ता में आ जाती है तो देश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को मिल रहा आरक्षण खत्म कर दिया जायेगा।