कांग्रेस नेता बृहस्पति सिंह ने सैलजा, सिंहदेव पर लगाया गंभीर आरोप

 

 रायपुर ।  छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद रामानुजगंज के कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और निवर्तमान उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से सैलजा को जल्द हटाने की मांग की है।  उन्होंने आरोप लगाया कि सैलजा प्रभावशील नेताओं के हाथों बिक गई थीं। हीरोइन की तरह फोटो खिंचवाने में व्यस्त थीं। बृहस्पति सिंह ने भाजपा को जिताने का श्रेय टीएस सिंहदेव को देते तंज कसा कि भाजपा को उन्हें राज्यपाल बना देना चाहिए। शुक्रवार को रायपुर पहुंचे बृहस्पति सिंह ने कहा कि टिकट देने से कोई चुनाव नहीं जीतता, जब तक उस क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का सहयोग ना मिले। कांग्रेस नेताओं का घमंड सिर चढ़कर बोल रहा था। ऐसा लग रहा था कि जिसको ये टिकट दे देंगे, वही चुनाव जीत ही जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सिंहदेव स्वयं मंच से बोल रहे थे कि मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, फिर कांग्रेस को क्यों वोट मिलेगा? सम्मेलनों में कांग्रेस नेता कहते रहे कि हमने सभी वादे पूरे किए हैं, वहीं सिंहदेव कहते थे कि केवल 12 वादे ही पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सिंहदेव को मुख्यमंत्री बना दिया गया होता तो छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का वही हाल होता जो 2018 के चुनाव में डा. रमन सिंह की सरकार में हुआ था। भाजपा 15 सीट पर ही सिमट गई थी। बता दें कि बृहस्पत सिंह को पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। विधायक रहने के दौरान वे सिंहदेव पर मुख्यमंत्री बनने के लिए उनकी (बृहस्पत) हत्या करवाने का आरोप भी लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि सिंहदेव भाजपा के लिए महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे भी बन सकते हैं। बृहस्पति ने कहा कि सरगुजा संभाग की 14 सीट कांग्रेस जीत सकती थी, मगर राज्य के संगठन का काम बिल्कुल जीरो हो गया था। प्रभारी मैडम जब से आई हैं, तब से लगातार सिंहदेव को ही प्रमोट कर रही थीं। अंबिकापुर संभाग के दौरे पर गईं तो सिंहदेव गाड़ी चला रहे थे और मैडम हीरोइन की तरह फोटो शूट कर रही थीं। ऐसे में सरगुजा के लोगों को लगा कि ये सत्ता सामंतशाहों के हाथों में सौंपने आई हैं। वहीं पहले के प्रभारियों ने बहुत ईमानदारी के साथ काम किया था। सैलजा यहां डैमेज कंट्रोल नहीं कर पाईं। बृहस्पत सिंह के बयान पर सिंहदेव ने कहा कि पहली बात तो मैं ऐसे लोगों के मुंह नहीं लगना चाहता, मगर जिस तरह से उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी के खिलाफ गंभीर व अनुचित टिप्पणी की है, इस संबंध में हाईकमान को पत्र व्यवहार करूंगा।