बिलासपुर में पारा 10 डिग्री के भीतर आ सकता है

 

 बिलासपुर। मौसम मनभावन बना हुआ है। कड़ाके की सर्दी में धूप भाने लगी है। मानों ठंड पर सूरज फिदा हो। वातावरण खुशनुमा बना हुआ है। सुबह नींद देर से खुलने लगी है, लोगों को बिस्तर छोड़ने का मन नहीं करता। सैर-सपाटे पर निकलने वाले भी सूर्य के उगने का इंतजार करने लगे हैं।  न्यायधानी में मौसम शुष्क बना हुआ है। रात में सर्द हवाएं चलने लगी है। दिन में भी ठंड का असर बना हुआ है। सूर्योदय के साथ दिनभर लोग गुनगुनी धूप का आनंद उठाते नजर आए। शाम ढ़लते ही कंपकंपी महसूस होने लगती। न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  हालांकि एक दिन पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पहाड़ी क्षेत्र पेंड्रारोड में भी जबरदस्त ठंड पड़नी शुरू हो गई है। आलम यह है कि यहां ग्रामीणों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो यह सिलसिला अभी बना रहेगा। मौसम में ठंडक आते ही पर्यटन स्थलों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। आसपास प्रमुख पर्यटन स्थलों में रविवार को जबरदस्त भीड़ रही। सबसे ज्यादा रतनपुर, खूंटाघाट, मदकू द्वीप, मल्हार, मस्तूरी सहित कोटा एवं अमरकंटक जाने बड़ी संख्या में गाड़ियों की बुकिंग हुई है। मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा एचपी चंद्रा के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने कारण वातावरण में नमी की मात्रा घटने की प्रबल संभावना है, जिस वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर प्रारंभ होने संभावना है। जो 21 दिसंबर तक जारी रहने की संभावना है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री के आसपास गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मामूली हल्की गिरावट संभावित है। यानी बिलासपुर में पारा 10 डिग्री के भीतर आ सकता है। मौसम विभाग की मानें तो एक पश्चिमी विक्षोभ,चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण द्रोणिका के रूप में जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है । इसका अक्ष मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर पर 74 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। प्रदेश में 18 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिलासपुर में लगभग ऐसा ही मौसम बना रहेगा।