यात्री जहाज में लगी भाषण आग, जिंदा जल गए 31 लोग

 

 मनीला। दक्षिणी फिलीपींस में एक यात्री जहाज (फेरी) भीषण हादसे का शिकार हो गया। जहाज में आग लगने से कम से कम 31 लोग जिंदा जल गए। समाचार एजेंसी एएफपी ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि 230 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिस फेरी में आग लगी है उसका नाम लेडी मैरी जॉय 3 है। जब यह हादसा हुआ तब यह फेरी मिंडानाओ द्वीप पर जाम्बोआंगा शहर से सुलू प्रांत में जोलो द्वीप जा रही थी। आपदा अधिकारी निक्सन अलोंजो ने कहा कि आग लगने के बाद जहाज पर सवार कई यात्री कूद गए। फिलीपीन कोस्ट गार्ड और मछुआरे बचाव अभियान में शामिल हैं। कम से कम 195 यात्रियों और चालक दल के 35 सदस्यों को बचा लिया गया है। तट रक्षकों को छोटी नावों में सवार होकर जल रहे जहाज पर पानी छिड़कते देखा गया। बेसिलन के गवर्नर जिम सलीमन ने एएफपी को बताया कि जले हुए यात्री जहाज पर 18 शव मिले हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। घाट की तलाशी के दौरान भी कई शव मिले हैं। फिलीपीन कोस्ट गार्ड के कमोडोर रेजार्ड मार्फे ने एएफपी के मुताबिक, "लोग घबरा गए क्योंकि आग लगने के वक्त वे सो रहे थे।" जैसे ही आग लगी वैसे ही नाव के कप्तान ने स्पीड बढ़ा दी ताकि उसे किनारे पर ले जाया जा सके जिससे लोग तैर कर बाहर जा सकें। उन्होंने कहा कि छह महीने के बच्चे सहित कम से कम तीन बच्चे भी मृतकों में शामिल हैं।  उन्होंने बताया कि और लोग लापता हो सकते हैं क्योंकि जहाज पर यात्रियों की संख्या 205 से अधिक थी। उन्होंने कहा, "हम अभी भी कोस्ट गार्ड स्टेशन जाम्बोआंगा में डेटा हासिल कर रहे हैं। वहीं से यात्री बोट पर सवार हुए थे। ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि क्या लोग अभी भी लापता हैं।"