जगरगुंडा से दंतेवाड़ा तक शुरू हुई पहली बार बस सेवा, सीएम बघेल ने किया ट्वीट

 दंतेवाड़ा । बरसों पहले जगदलपुर से सुकमा, चिंतागुफा होते हुए जगरगुंडा तक राज्य परिवहन सेवा की बस संचालित होती थी। नक्सल दहशत व पुल-पुलिया उड़ाने के बाद यह सेवा बंद हो गई। अब पहली बार दंतेवाड़ा से जगरगुंडा के बीच बस सेवा की शुरुआत हुई है। इससे इस क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नक्सलियों का अभेद गढ़ माने जाने वाले जगरगुंडा तक पहुंच के लिए जल्द ही बीजापुर बासागुड़ा होते हुए भी बस सेवा शुरू होगी। यह सड़क मार्ग लगभग पूरा हो चुका है। अब तक जगरगुंडा से दंतेवाड़ा आने वाले ग्रामीणों को समेली तक पैदल आना पड़ता था, फिर यहां से दंतेवाड़ा जाने के लिए साधन मिलता था। दंतेवाड़ा से अरनपुर तक ही सड़क थी, पर अब अरनपुर से जगरगुंडा के बीच पक्की सड़क बन गई है। इस सड़क पर 2017 तक नक्सलियों का कब्जा था, नक्सली इस सड़क को सैकड़ों जगह से काट सड़क पर पत्थरों की दीवार खड़ी कर दिए थे। अब ये सड़क बहाल हो गई है। कामारगुड़ा तक सड़क तैयार हो गई है। यहां से जगरगुंडा की दूरी पांच किलोमीटर है। इतनी दूर ही सड़क का काम बचा हुआ है जो कार्य प्रगति पर है।