किसी को फंसाने के लिए टार्चर करना ठीक नहीं, मारपीट कर रही ईडी - मुख्यमंत्री

 

 रायपुर। छत्त्तीगसढ़ में भ्रष्टाचार की जांच के बाद अब सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय कोयला परिवहन घोटाले की जांच कर रही है, तो अब भाजपा सरकार में स्काई वाक के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की जांच राज्य सरकार की आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो करने जा रही है। ईओडब्ल्यू की जांच शुरू होने से पहले ही भाजपा नेताओें ने सरकार को घेरने की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सधे अंदाज में जवाब देकर भाजपा की घेरेबंदी को नाकाम कर दिया। मुख्यमंत्री ने भाजपा के भ्रष्टाचार के जवाब मेें अपनी सरकार के विकास का जिक्र किया। भेंट मुलाकात कार्यक्रम में साजा विधानसभा क्षेत्र रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सरकार में आए चार साल हुआ। इस दौरान प्रदेश की जनता के खाते में डेढ़ लाख करोड़ गया। सरकार बटन दबाती है और पैसा जनता के खाते में पहुंच जाता है। कहीं भी एक पैसा इधर-उधर नहीं हुआ। मजदूर, किसान, स्वसहायता समूह के खाते में पैसा गया, तो इसमें क्या भ्रष्टाचार हो सकता है।