अधिकतर जगह तापमान शून्य से नीचे

 जम्मू: कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली, हालांकि अधिकतर जगह तापमान शून्य से नीचे ही रहा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिसंबर के अंत तक घाटी में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, इस सप्ताह हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन भीषण बारिश होने के कोई आसार नहीं है। न्यूनतम तापमान रविवार रात एक दिन पहले की तुलना में दो से तीन डिग्री अधिक, लेकिन शून्य से नीचे ही दर्ज किया गया। अत्यधिक ठंड के कारण कई क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन में पानी जम गया। डल झील के कुछ हिस्से भी जम गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, शनिवार रात तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। उन्होंने बताया कि पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान शून्य से नीचे सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। काजीगुंड में भी इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोकरनाग में तापमान शून्य से नीचे 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।