सांगठनिक कार्यकारिणी का किया गया पुनर्गठन ओमप्रकाश बने अध्यक्ष

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के संघ के पुनर्गठन के लिए रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी उपस्थित हुए। मार्गदर्शक के रूप में राज्य पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हो चुके वरिष्ठ अधिकारीगण भी शामिल हुए। उक्त बैठक में राज्य पुलिस सेवा एसोसिएशन की नवीन कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें कि सर्वसम्मति से 2005 बैच के राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी ओम प्रकाश शर्मा को एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारकेश्वर पटेल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम का चयन किया गया। संघ के सचिव के पद पर 2013 बैच के अधिकारी अभिषेक माहेश्वरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर का चयन किया गया। सहसचिव के पद पर 2014 बैच के अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा व डीएसपी सोहन ठाकुर का चुनाव किया गया। कोषाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी के पदों पर 2007 बैच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और 2013 के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे का चुनाव किया गया। बैठक में यह सहमति बनी कि सीधी भर्ती से प्रत्येक बैच के एक अधिकारी का नामांकन उसी बैच के अधिकारी द्वारा किया जा कर सूचित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स से प्रशांत श्रीवास्तव, निरीक्षक संवर्ग से आशीष शुक्ला व रक्षित निरीक्षक संवर्ग से गुरजीत सिंह को कार्यकारिणी के सदस्य के पद पर चयन के लिए सहमति व्यक्त की गई। कार्यकारिणी के गठन के बाद जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। संघ के सदस्यों की सेवा तथा संवर्ग से जुड़े विषयों पर और सदस्यों के हितों से संबंधित मुद्दों पर कार्यकारिणी अपना एजेंडा तैयार करेगी।