तीस्ता सितलवाड़ से 'लिंक' पर भड़की भाजपा

 


 नई दिल्ली। गुजरात पुलिस के हलफनामे को लेकर कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है। गुजरात पुलिस की एसआईटी ने हलफनामे में दावा किया है कि तीस्ता सीतलवाड़ और अन्य ने कांग्रेस नेता अहमद पटेल के इशारे पर 2002 के दंगों के बाद गुजरात सरकार को अस्थिर करने की साजिश रची थी।विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि हलफनामे से सच्चाई का पता चलता है। साथ ही भगवा पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार को गिराने की साजिश की थी और इस प्रयास में अहमद पटेल उनकी कठपुतली थे। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “अहमद पटेल सिर्फ एक नाम है, इसकी प्रेरक शक्ति उनकी बॉस सोनिया गांधी थीं। सोनिया गांधी ने अपने मुख्य राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल के जरिए गुजरात की छवि खराब करने की कोशिश की। उनके माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने का प्रयास किया।'' मामले की जांच कर रही गुजरात पुलिस की एसआईटी द्वारा दायर हलफनामे का हवाला देते हुए पात्रा ने कहा कि तीस्ता सीतलवाड़ और अन्य आरोपियों (पूर्व आईपीएस अधिकारी आर बी श्रीकुमार और संजीव भट्ट) ने देर रात अहमद पटेल के साथ गुपचुप मुलाकात की थी। उन्होंने यह भी बताया कि तीस्ता को पूर्व संसद सदस्य से वित्तीय मदद मिली थी।