अगले हफ्ते से भारी वर्षा के आसार

 

रायपुर । उत्तर तटीय ओडिशा व उससे लगे क्षेत्रों में एक निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से अगले हफ्ते से भारी वर्षा के आसार है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश भर में सोमवार से लगातार वर्षा शुरू हो सकती है। शनिवार को भी कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने व वर्षा की आशंका है। प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मानसून की बेरुखी के चलते उमस बनी हुई है, जिससे सोमवार से राहत मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार को प्रदेश भर में एडब्लयूएस दुर्ग सर्वाधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। सरगुजा में सामान्य से कम और बस्तर में सामान्य रहा। गौरतलब है कि मानसून की बेरुखी के चलते जून-2022 में प्रदेश में 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।