आज से बदलेगा मौसम का मिजाज

 

रायपुर । प्रदेश में मंगलवार से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि द्रोणिका के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने से अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। द्राेणि‍का की वजह से प्रदेश के कुछ जिलाें में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते है। आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख ऐसा ही रहेगा। प्रदेश के बस्तर संभाग को छोड़ दिया जाए तो सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को सुबह से लेकर देर रात तक लोग गर्मी से हलाकान रहे। जगदलपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहते हुए 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद में 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किमी ऊंचाई तक है।