मनरेगा कर्मचारियों ने हड़ताल तीन महीने के लिए वापस ली

 

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ के मनरेगा कर्मचारियों की हड़ताल तीन महीने के लिए स्‍थगित हो गई है। 65 दिन से आंदोलन कर रहे मनरेगा कर्मचारियों ने मंत्री कवासी लखमा से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया है। मंत्री ने आज आंदोलनरत मनरेगा कर्मियों से मुलाकात की और मांगों को पूरा करने का आश्‍वासन दिया। इस दौरान मंत्री ने कहा, नियमितीकरण की समीक्षा की जाएगी। हालांकि मंत्री ने मनरेगा कर्मचारियों के नियमितीकरण का आश्‍वासन नहीं दिया। साथ ही लखमा ने 21 बर्खास्‍त मनरेगा कर्मचारियों को बहाल करने की बात भी कही।

मनरेगा कर्मचारियों के पंडाल में शवों के पुतले, रो रहीं थीं महिलाएं

इससे पहले राजधानी रायपुर में मनरेगा कर्मचारियों की हड़ताल के 65वें दिन मंगलवार को धरना स्थल पर मातम छाया रहा। सांकेतिक तौर पर तीन मनरेगा कर्मचारियों के कफन से लिपटे शव (पुतले) को घेरे महिला-पुरुष कर्मचारी रो रहे थे। वे साथियों के बिछड़ने का दुख मना रहे थे। दृश्य झकझोरने वाला था। राहगीर भी रुककर घटना की जानकारी लेने के साथ मनरेगा परिवार के प्रति संवेदना जाहिर कर रहे थे।