धर्म स्थलों पर शांति से हो पूजा - स्वामी निश्चलानंद सरस्वती

 

रायपुर। रायपुर। पुरी पीठ में मेरे मठ में पूजा अर्चना मंत्र शांतिपूर्ण ढंग से किया जाता है, किसी को परेशानी नहीं होती। लाउड स्पीकर पर शोर करके दूसरों को क्यों परेशान करना। यह कहना है पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का। नईदुनिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि धर्मस्थल कोई भी हो वहां लाउड स्पीकर पर शोरशराबा करके पूजा करने का क्या औचित्य है। राजधर्म ही राजनीति है, सर्वजन सुखाय के लिए नेता राजनीति करें, व्यक्तिगत स्वार्थ को हावी न होने दें। देश में बदलाव आ रहा है। हिंदू जाग रहा है। 15 देश चाहते हैं, कि वे हिंदू राष्ट्र बनें, लेकिन भारत की ओर ताक रहे हैं। पहले भारत हिंदू राष्ट्र बने, आज नहीं तो कल भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। शंकराचार्य महाराज ने कहा कि राजनीति, धर्म की सीमा, मर्यादा के अंतर्गत की जानी चाहिए। धर्म की सीमा का अतिक्रमण करके राजनीति नहीं की जानी चाहिए। वर्तमान में राजनीति के नाम पर गलत हो रहा है। सर्वधर्म यानी मानव धर्म के हित का ध्यान रखा जाना चाहिए।