नवरात्रि के पहले मां शैलपुत्री को भोग लगाने के लिए ऐसे बनाएं कलाकंद का प्रसाद

 

 हिंदू धर्म में नवरात्रि व्रत का बहुत बड़ा महत्व बताया गया है। नवरात्रि के नौ दिन मां आदिशक्ति की उपासना करने वालों के लिए बेहद खास होते हैं। इस बार नवरात्र के व्रत आज यानी 2 अप्रैल से 11 अप्रैल 2022 सोमवार तक रखे जाएंगे। जिस तरह नवरात्रि के हर दिन मां दुर्गा के अलग-अलग नौ रूपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। ठीक उसी तरह नवरात्रि के हर दिन प्रत्येक माता को अलग-अलग चीजों का भोग प्रसाद में लगाया जाता है। नवरात्रि के पहले दिन यानी आज मां शैलपुत्री के स्वरूप का पूजन होता है। कहा जाता है इस दिन मां को गाय के घी का भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से रोग और हर संकट से मुक्ति मिलती है। ऐसे में आइए जानते हैं मां शैलपुत्री को भोग लगाने के लिए घर पर ही कैसे बनाएं कलाकंद का प्रसाद। 

कलाकंद बनाने के लिए आवश्यक सामग्री-
-पनीर - 1½ कप कद्दूकस किया हुआ
-कंडेंस्ड मिल्क - 3/4 कप
-हरी इलायची पाउडर - 1/4 छोट चम्मच
-घी - प्लेटिंग के लिए
-बारीक कटा पिस्ता - गार्निशिंग के लिए

कलाकंद बनाने की वि​धि-
- कलाकंद बनाने के लिए पनीर को कद्दूकस करें या मिक्सी में दरदरा पीस लें।
- अब एक छोटी गहरी प्लेट लेकर उसमें घी लगाएं।
- दूसरी तरफ एक कड़ाई में कंडेंस्ड मिल्क और कददूकस किया पनीर डालकर अच्छे से मिलाएं।
- धीमी आंच पर इस मिश्रण को चम्मच से हिलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं।
- इस मिश्रण को लगभग 4-7 मिनट तक पकाएं जबतक कि वो कड़ाई के किनारों पर चिपकने न लगे।
- अब इसमें 1/4 छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं।
- अब गैस से कड़ाई को उतारें और उसमें बारीक कटा पिस्ता डालकर चम्मच से हल्का दबाएं।
- अब तैयार किए कलाकंद को कमरे के तापमान पर ठंडा होने के लिए रखें।
- इसके बाद इसे सेट होने के लिए फ्रिज में 2 घंटे रखें।
- ठंडा होने पर फ्रिज से निकालकर छोटे चौकोर टुकड़ो में काटें और भोग लगाएं।