दुर्ग के पूर्व पार्षद का लापता बेटा मिला बीकानेर में, वापस लेकर लौट रही पुलिस

 


भिलाई । दीपक नगर दुर्ग के पूर्व पार्षद विजय जलकारे का लापता बेटा श्रेयश जलकारे बीकानेर से बरामद हो गया है। दो दिन पहले उसका लोकेशन दिल्ली में मिला था। इस पर पुलिस की टीम वहां के लिए रवाना हुई थी। लेकिन, पुलिस के पहुंचने की खबर लगते ही वो भागकर बीकानेर चला गया था। उसका लाइव लोकेशन पुलिस को मिला तो मोहन नगर पुलिस ने बीकानेर के कोटगेेट पुलिस से संपर्क किया। कोटगेट पुलिस ने उसे बरामद कर सुरक्षित रखा और मोहन नगर पुलिस के पहुंचने पर उन्हें सुपुर्द किया। मोहन नगर पुलिस उसे लेकर वापस दुर्ग के लिए रवाना हो चुकी है।

उल्लेेखनीय है कि पूर्व पार्षद विजय जलकारे का 15 वर्षीय बेटा श्रेयश जलकारे बीते 22 मार्च की शाम को घर से लापता हो गया था। 24 घंटे बाद तक उसके बारे में कुछ भी पता न चलने पर परिवार वालों मोहन नगर थाना में शिकायत की थी। जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर पतासाजी शुरू की थी। सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर वो आखिरी बार इंदिरा मार्केट में नजर आया था। उसने एक दुकान से बैग खरीदा था और वहां से रवाना हो गया था।

पुलिस को लोकेशन मिला था दिल्ली में

मंगलवार को पुलिस को उसका लोकेशन दिल्ली में मिला था। जिस पर एक टीम को दिल्ली के लिए रवाना किया गया, लेकिन श्रेयश को इसके बारे में पता चला गया तो वो भागकर बीकानेर चला गया। पुलिस उसके लोकेशन पर लगातार नजर रखे हुए थी।

टीम के साथ श्रेयश के पिता पूर्व पार्षद विजय जलकारे भी गए थे बीकानेर

बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र में उसका लोकेशन दिखाई तो मोहन नगर पुलिस ने कोटगेट पुलिस से संपर्क किया। जिस पर कोटगेट पुलिस ने उसे सुरक्षित रूप से बरामद किया और गुरुवार को मोहन नगर पुलिस के पहुंचने पर उनके हवाले किया। पुलिस की टीम के साथ श्रेयश के पिता पूर्व पार्षद विजय जलकारे भी बीकानेर गए थे। हालांकि उसके घर से जाने और वहां तक पहुंचने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।