अब च्वाइस सेंटर से मिलेगा सिनेमा लाइसेंस, पेट्रोल पंप की एनओसी

 

रायपुर  । रायपुर कलेक्ट्रेट में सेवाओं को और अधिक विश्वसनीय बनाने के साथ रोजाना आने वाली पांच हजार से अधिक लोगों की भीड़ को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आधा दर्जन और सेवाओं के लिए लोक सेवा केंद्रों और च्वाइस सेंटर्स को अधिकृत कर दिया गया है। इन सेवाओं में सिनेमा लाइसेंस, नए पेट्रोल पंप के लिए एनओसी, अस्थायी पटाखा लाइसेंस, स्थायी पटाखा लाइसेंस इत्यादि शामिल हैं। यानि अब इनके लिए आवेदकों को कलेक्ट्रेट के चक्कर नहीं काटने होंगे। सीधे च्वाइस सेंटर्स से इनका काम हो जाएगा। इससे कलेक्ट्रेट में भीड़ का लोड भी कम हो जाएगा।

पेट्रोल पंप का एनओसी लेने कई विभागों का काटना होता है चक्कर

पेट्रोल पंप के लिए एनओसी लेने आवेदकों को कई-कई विभागों के चक्कर काटने पड़ते हैं। औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए आवेदकों को कई बार यहां कई-कई दिनों तक चक्कर काटना पड़ जाता है। ऐसे ढेरों कामों के लिए यहां रोजाना जिले भर से पांच हजार से अधिक लोग आते हैं। यहां के अधिकारी इस भीड़ को कम करने का उपाय ढूंढ रहे थे। इसके लिए अब सेवाओं को चिन्हित कर इनके काम लोक सेवा केंद्रों और च्वाइस सेंटर्स को सौंप दिए गए हैं।