किसान संघ धरना पर बैठा

 

रायपुर। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ के किसानों के विभिन्न मांगों को लेकर राजधानी के बूढ़ापारा में प्रदेश स्तरीय धरने पर बैठे हैं। मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर ज्ञापन देंगे। भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने कहा की पूरे प्रदेश में अव्यवस्था फैली हुई है। धान खरीदी में अव्यवस्था, धान का बोनस दिवाली में दिया गया लेकिन बैंक सर्वर काम करना बंद कर दिया। धान बेचने के लिए टोकनों की अव्यवस्था, किसानों का रकबा काटा गया ,उसे पुनः जोड़ने पहुंचे किसानों को अव्यवस्था का का सामना पड़ा।

खाद की समस्या

किसान संघ ने कहा रबी की फसल के लिए किसानों को खाद नहीं मिल रहा है। चारों तरफ खाद के लिए मारा मारी हो रही है। व्यापारी खुलेआम महंगे दामों पर खाद बिक्री कर रहे हैंतथा कृषि विभाग खानापूर्ति के नाम पर कुछ दुकानों में छापेमारी मारकर हाथ पर हाथ धरकर बैठ गया है। सरकार भी समितियों में खाद का भंडारण कराने में असफल हो गई है। इस संबंध में कोई भी प्रशासनिक अधिकारी जवाब देने की स्थिति में नहीं है। जबकि मार्कफेड के गोदामों में भरपूर खाद है।

फसल का सही दाम मिले

धरने पर बैठे किसानों की मांग है कि उनकी फसल का सही मूल्य मिले परंतु ऐसा हो नहीं रहा है। सरकार ने मक्का खरीदी की बात की है परंतु सरकार मक्का खरीदी इतनी देर से कर रही है की बहुत से किसानों ने लाखों क्विंटल मक्का कम भाव में व्यापारियों को बेच दिया। वैसे ही सिंचाई परियोजनाएं लटकी पड़ी है। कुम्हारी जलाशय के जलभराव एवं विस्तार की घोषणा स्वयं मुख्यमंत्री ने की है और उस घोषणा को किए तीन वर्ष हो गए हैं। उसी प्रकार से सुतियापाट जलाशय का पानी उस क्षेत्र को ना मिल कर अन्यत्र ले जाया जा रहा है ऐसा करना उस क्षेत्र के किसानों के साथ अन्याय ही है।

दो साल का बोनस बकाया

इसके अलावा पिछले दो साल का बकाया बोनस भूपेश बघेल की सरकार के द्वारा देने का वायदा किया गया था जो की अभी तक किसानों को नहीं मिला है। इस बात का किसानों में बहुत आक्रोश है। भारतीय किसान संघ ने सरकार से मांग की है किसानों को तत्काल खाद सोसायटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाए तथा किसानों के दो साल का बकाया बोनस तत्काल दिया जाए।

किसान सम्मान निधि से किसान वंचित

साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि किसानों को नहीं मिल पा रही है। उसमे में तकनीकी त्रुटि को दूर करके इस योजना का लाभ किसानों को दिया जाए। भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी ने धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक किसानों को सम्मिलित होकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की आह्नान किया है और कहा किसान शक्ति जागेगी उसके बाद ही उनकी समस्या भागेगी।