तालाब में नहाने गए किशोरों में एक की डूबने से मौत, दो गंभीर

 


महासमुंद। होली खेलकर नहाने तालाब गए किशोरों की टोली में तीन किशोर डूब गए, जिनमे दो की हालत गम्भीर है, वहीं एक की मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरोंडाबाज़ार की है। शुक्रवार को सुबह होली खेलने के बाद केंद्रीय विद्यालय में अध्ययनरत किशोरों की टोली नहाने के लिए जिला मुख्यालय से सात किमी दूर ग्राम बरोंडा बाजार के तालाब पहुचे। यहां नहाने के लिए किशोर कूद गए। खास बात यह है कि इनमें से किसी को तैरना नहीं आता था। तीन किशोर गहरे पानी मे चले गए। डूबते किशोरों को देखकर साथ गए अन्य शोर मचाया। तब रास्ते से गुजर रहे ग्रामीण रुके और सहायता करने आगे बढ़े। ग्रामीणों ने गम्भीर स्थिति में तीन किशोरों को बाहर निकाला। दुपहिया से इन्हें अस्पताल लेकर गए। जहां केंद्रीय विद्यालय कक्षा 12ूूवीं के छात्र कलश वाघमारे 17 को मृत घोषित किया गया। जबकि गम्भीर रूप से घायल लक्ष्य चन्द्राकर पुत्र आलोक चन्द्राकर को रायपुर रिफर किया गया। वहीं दिव्यांशु कर्माकर का उपचार निजी अस्पताल में जारी है।  जानकारी के अनुसार कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक चन्द्राकर निवासी बीटीआइ रोड का पुत्र लक्ष्य(17), प्राध्यापक डा संजीव कर्माकर निवासी अयोध्या नगर का पुत्र दिव्यांशु (17) व पुराना मछली बाज़ार निवासी कलश वाघमारे (17) पुत्र राजेन्द्र अपने अन्य दोस्‍तों के साथ होली खेलने के बाद दोपहर दो बजे नहाने गए। बरोंडाबाजार के तालाब में नहाते समय अचानक तीनों गहरे पानी में डूबने लगे। सड़क से लगे तालाब में इनको डूबता देखकर ग्रामीणों ने गहरे पानी से तीनो को बाहर निकाला और दुपहिया से अस्पताल पहुचाया।

शनिवार को किया गया अंतिम संस्कार

कलश वाघमारे का शनिवार को स्थानीय मुक्तिधाम में बुद्ध परंपरा अनुसार दाह संस्कार कर अंतिम संस्कार किया गया। कलश के पिता पहले ही गुजर गए हैं। मां और एक बड़ा भाई के साथ कलश रहता था। अंतिम विदाई देने मुक्तिधाम में केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक स्टाफ और अन्य विद्यार्थी पहुंचे थे।