शंघाई में 2.6 करोड़ लोग लॉकडाउन में बंद

 

शंघाई. चीन में कोरोना वायरस की चौथी लहर से दहशत है और देश के सबसे बड़े शहर शंघाई में 2.6 करोड़ लोगों को लॉकडाउन कर दिया गया है। शंघाई शहर में रेकॉर्ड मामले सामने आने के बाद अब चीन की सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। रविवार को शंघाई में कोरोना के 3,450 मामले सामने आए थे जो देश में आए कुल मामलों का 70 फीसदी है। इस लॉकडाउन के तहत शंघाई शहर को अगले 9 दिनों के लिए दो भागों में बांटा जाएगा और इसके बाद बड़े पैमाने पर लोगों की टेस्टिंग की जाएगी।

शंघाई के वित्‍तीय जिले पुडोंग और उसके नजदीकी इलाके में सोमवार से शुक्रवार तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। इसके बाद लॉकडाउन का दूसरा चरण शुरू होगा जिसके तहत हुआंगपू नदी के निचले इलाके में शुक्रवार से लॉकडाउन शुरू होगा। चीन के इस फैसले से देश की आर्थिक सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इस लॉकडाउन के दौरान लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे घरों में ही रहें। इस दौरान चेकप्‍वाइंट पर सामान रखे जाएंगे ताकि किसी से किसी का संपर्क न हो सके।

कई बार कोरोना टेस्‍ट कराकर अपनी रिपोर्ट देनी पड़ रही
लॉकडाउन के दौरान जो भी ऑफिस जरूरी नहीं है, वे बंद रहेंगे। साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी बंद रहेगा। चीन ने यह ऐलान ऐसे समय पर किया है जब पहले ही शंघाई शहर में कई इलाकों में लॉकडाउन लगा हुआ है। इन इलाकों में स्‍थानीय लोगों को कई बार कोरोना टेस्‍ट कराकर अपनी रिपोर्ट देनी पड़ रही है। इससे पहले शंघाई के डिज्‍नी थीम पार्क को बंद कर दिया गया था। इस महीने चीन में 56 हजार कोरोना मामले सामने आ चुके हैं।

इस बीच दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 48 करोड़ हो गए हैं। इस महामारी से अबतक 61.2 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10.86 अरब से ज्यादा का वैक्सीनेशन हो चुका है। कोरोना के वैश्विक मामले, मरने वालों और टीकाकरण की कुल संख्या क्रमश: 480,076,170, 6,120,910 और 10,868,156,560 हो गई है। दुनिया के सबसे ज्यादा मामलों और मौतों 79,946,097 और 976,652 के साथ अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित देश बना हुआ है। भारत 43,018,032 मामलों के साथ दूसरा सबसे प्रभावित देश है।

दुनिया में कोरोना के कहां पर कितने केस
सीएसएसई के अनुसार, 1 करोड़ से ज्यादा मामलों वाले अन्य सबसे प्रभावित देश ब्राजील (29,839,103) फ्रांस (24,106,739), यूके (20,848,913), जर्मनी (19,492,672), रूस (17,481,799), तुर्की (14,789,483), इटली (14,304,111), दक्षिण कोरिया (11,815,841) और स्पेन (11,451,676) हैं। जिन देशों ने 100,000 से ज्यादा मौतों का आंकड़ा पार कर लिया है, उनमें ब्राजील (659,046), भारत (520,855), रूस (359,693), मैक्सिको (322,432), पेरू (212,022), यूके (165,046), इटली (158,700), इंडोनेशिया (154,343), फ्रांस (142,664), ईरान (139,865), कोलंबिया (139,544), अर्जेटीना (127,846), जर्मनी (127,599), पोलैंड (114,736), यूके्रन (112,459) और स्पेन (102,392) शामिल हैं।