भगवान भोलेनाथ के ब्याह पर तेल-हल्दी की रस्म पर महिलाएं ने गाए मंगल गीत

 

रायपुर : महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ के विवाह के पहले महिलाओं ने हल्दी-तेल लगाने की रस्म निभाई। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे के गाल पर हल्दी लगाई। ढोल-नगाड़े बजाकर बधाई गीत गाते हुए जमकर नृत्य किया। भोलेनाथ के विवाह पर चार दिवसीय रस्म का शुभारंभ होते ही मंदिर के आसपास का पूरा इलाका भक्तिभाव में झूम उठा। यह नजारा रविवार को स्टेशन रोड नहर पारा स्थित श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में दिखाई दिया। शाम को शिवलिंग पर हल्दी, चंदन केसर का लेप लगाया गया। इसके बाद महिलाओं ने बधाई गीत गाना शुरू किया। ढोलक, मंजीरा, नगाड़े की धुन पर महिलाओं ने दो घंटे से अधिक समय तक नृत्य कर भोलेनाथ के विवाह पूर्व हल्दी रस्म का आनंद उठाया। 

आज शाम को निकलेगी बरात

श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर के नीलकंठ त्रिपाठी ने बताया कि दूसरे दिन सोमवार को शाम चार बजे भव्य बरात निकाली जाएगी। बरात में श्रद्धालु भूत, प्रेत, देवी-देवताओं का रूप धारण कर शामिल होंगे। नहरपारा से बरात निकलकर आसपास के इलाकों से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। रात्रि में संतों, पुजारियों के नेतृत्व में शिवलिंग का भस्म अभिषेक किया जाएगा।