आने वाले दो से तीन दिनों में मानसूनी सिस्टम होगा थोड़ा बदलाव

 

 रायपुर  : आने वाले दो से तीन दिनों में मानसूनी सिस्टम थोड़ा कमजोर होगा और तापमान में भी बढ़ोतरी के आसार हैं। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार 17 सितंबर को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश की उम्मीद है। सरगुजा को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के ही आसार बने हुए हैं। मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने से बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और बादल छाए रहने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। 

गुरुवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान बुधवार की तुलना में 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई। रायपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश भर में जगदलपुर सर्वाधिक गर्म रहा और वहां का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक सुस्पष्ट चिह्नित निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर मध्य प्रदेश के मध्य भाग में है। साथ ही ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा 5.8 किमी ऊंचाई तक है। इसके अगले दो से तीन दिनों में थोड़ा कमजोर होने की संभावना है। शुक्रवार 17 सितंबर को भी प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छीटे पड़ने के साथ हल्की बारिश होगी।