ताजिया निकलेगा, मातमी जुलूस नहीं

 


रायपुर : राजधानी समेत प्रदेश में मुस्लिम समाज शुक्रवार को मोहर्रम मनाएगा। राजधानी में पिछले साल की तरह 40 से ताजिया तैयार हो चुके हैं। सबसे ज्यादा ताजिया मोमिनपारा में हैं, जो सात से 10 फीट के आकार में तैयार किए गए हैं। इधर, मोहर्रम में आखिरकार देर शाम जिला प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन के तहत दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। गुरुवार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन समेत मुस्लिम समाज के प्रमुख लोग बैठक में शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि मातमी जुलूस नहीं निकलेगी। वहीं ताजिया निकल सकते हैं। उसमें अधिकतम 10 लोग ही शामिल हो सकते हैं। खास बात यह है कि मोमिनपारा से निकलने वाले ताजिया करबला जाते हैं, जहां उनका विसर्जन किया जाता है।

इस तरह की गाइडलाइन करना होगा पालन

- ताजिया का आकार छोटा एवं सामान्य रखा जाए।

- ताजिया निकालने के दौरान अधिकतम 10 लोग शामिल हो सकते हैं।

- ताजिया का विसर्जन निर्धारित स्थल पर सूर्यास्त के पूर्व करना होगा।

- सवारी एवं अन्य कार्यक्रम भी सूर्यास्त के पूर्व समाप्त करना होगा।

- सवारी अधिकतम चार से पांच निकाली जाए। प्रत्येक सवारी में अधिकतम पांच लोग शामिल हो सकते हैं।

- ताजिया एवं सवारी में शामिल होने वाले सभी व्यक्ति को मास्क पहनना, समय-समय पर हैंड सैनिटाइजर का उपयोग, शारीरिक दूरी का पालन अर्थात दो मीटर से छह फीट दूरी रखना अनिवार्य होगा।

- ताजिया एवं सवारी के साथ किसी भी प्रकार के जुलूस या प्रदर्शन (अस्त्र-शस्त्र) की अनुमति नहीं होगी।

- ताजिया एवं सवारी के साथ किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र, डीजे, धुमाल के उपयोग की अनुमति नहीं।