अब उत्तर से आई ठंडी हवाओं का असर बढ़ेगा

रायपुर, छत्तीसगढ़ के मौसम पर चक्रवाती तूफान मंडौस का असर खत्म हो गया है। गुरुवार को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रहे। लेकिन शाम होते-होते ये बादल छंट गए। अब तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से ठंडे और शुष्क हवाओं का आगमन शुरू हो रहा है। 16 दिसम्बर को मौसम सूखा रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना भी बन रही है। अगले 3 दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट संभावित है। यानी मौसम सामान्य होने की स्थिति में पहुंच जाएगा।