क्या आप भी सर्दियों में गरम पानी से नहाते हैं? जानें क्या कहते हैं डॉक्टर्स

 

 आपको अपने आसपास दो तरह के लोग मिलेंगे, एक जो सर्दी में ठंडे पानी से नहाते हैं दूसरे गरम से। ज्यादातर लोग यह फैसला अपने कम्फर्ट के हिसाब से लेते हैं। हालांकि गरम या ठंडे पानी से नहाने के हेल्थ और ब्यूटी से जुड़े अपने फायदे-नुकसान भी हैं। अगर आप 15 डिग्री सेल्सियस से ठंडे पानी से नहाते हैं तो इसे ठंडा मानते हैं। एक्सपर्ट्स इसके कई फायदे बताते हैं। वहीं गरम पानी से नहाना भी कई तरह से सेहत के लिए अच्छा भी है। जानते हैं फायदे-नुकसान...
नहाना जरूरी है या नहीं?
सबसे पहले बात करेंगे कि सर्दियों में रोज नहाना जरूरी है या नहीं। पूरी दुनिया में नहाने को लेकर अलग-अलग रिवाज हैं। कहीं दिन की शुरुआत बिना नहाए नहीं की जाती जबकि कहीं नहाना इतना जरूरी नहीं। नहाना हाइजीन के लिहाज से जरूरी होता है। हालांकि कुछ हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि जरूरत से ज्यादा नहाने से स्किन से प्रोटेक्टिव लेयर हटती है। त्वचा रूखी होती है। साथ ही स्किन पर पाए जाने वाले अच्छे बैक्टीरिया भी चले जाते हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्किन का अपना माइक्रोबायोम होता है जो नहाने से बिगड़ जाता है। इसलिए अगर कभी किसी वजह से एक-दो दिन स्किप कर दिए जाएं तो कोई दिक्कत नहीं है। नहाने में ज्यादा वक्त भी न दें। 5 से 10 मिनट बहुत हैं।
गरम पानी के नुकसान
अब बात करते हैं गरम पानी से नहाने की। हमेशा ये ध्यान रखना चाहिए कि पानी बहुत ज्यादा गरम न हो। इससे स्किन जलने का खतरा रहता है। दूसरा ब्यूटी एक्सपर्ट्स चेहरा और बाल गरम पानी से धोने से मना करते हैं। वजह यह है कि इससे स्किन ड्राई हो जाती है। सिर पर डैंड्रफ हो सकती है और चेहरे की स्किन सेंसिटिव होती है तो नुकसान पहुंच सकता है।
फायदे
गरम तो नहीं लेकिन एक्सपर्ट्स गुनगुने पानी से नहाने के कई फायदे बताते हैं। माना जाता है कि इससे स्ट्रेस कम होता है, नींद अच्छी आती है। अगर आपको जुकाम की जकड़न है तो भी फायदा मिलता है। गुनगुना पानी ब्लड सर्कुलेशन के लिए अच्छा होता है। यह स्किन के लिए फायदेमंद होता है। हालांकि बहुत गरम पानी से नहाना ठीक नहीं।
ठंडे पानी के नुकसान
ठंडे पानी से नहाने के फायदे तो हैं पर कुछ नुकसान भी हैं। खासकर सर्दी के मौसम में जब आप बहुत ज्यादा ठंडे पानी से नहाते हैं तो ब्रेन स्ट्रोक का खतरा रहता है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूरोसर्जरी डॉक्टर विकास गुप्ता बताते हैं, सर्दियों में ब्रेन स्ट्रोक के मामले ज्यादा आते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि सर्दियों में हमारा खून गाढ़ा हो जाता है और ब्लड बेसेल्स कुछ वक्तके लिए नैरो हो जाती हैं। इससे ब्लड प्रेशर बढ़ता है, इनके फटने से ब्रेन में ब्लीडिंग हो सकती है जिससे ब्रेन स्ट्रोक हो जाता है। बुजुर्ग लोग जिन्हें डायबीटीज, हायपरटेंशन या दिल से जुड़ी बीमारी है उनको अक्सर सर्दियों में ठंडे पानी से नहाने के बाद ब्रेन स्ट्रोक हो जाता है। वहीं बीमारी के वक्त अगर आप ठंडे पानी से नहाते हैं तो इम्यून सिस्टम वीक हो सकता है।
ठंडे पानी के फायदे
ठंडे पानी से नहाने की बात करें तो ब्यूटी के लिए यह अच्छा होता है। आपने ऐक्ट्रेसस को भी देखा होगा कि बर्फ के पानी में चेहरा डालती हैं। ऐसा करने से स्किन टाइट होती है और पोर्स बंद होते हैं। हेल्थ की बात करें तो ठंडे पानी से नहाने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है। जब आप शरीर पर ठंडा पानी डालते हैं तो शरीर खुद को गरम करने की कोशिश करता है। इससे आपकी वाइट ब्लड सेल्स बढ़ती हैं साथ ही मेटाबॉलिक रेट भी। ऐसा माना जाता है कि ठंडे पानी से नहाने से वेट भी कंट्रोल रहता है।
क्या करें
न ज्यादा ठंडे और न ही ज्यादा गरम पानी से नहाएं। सर्दियों में गुनगुन पानी का इस्तेमाल करें।
ठंडा कभी पानी सीधे सिर पर न डालें, इससे स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। पानी पहले शरीर पर डालें फिर सिर पर।
फिजिकली ऐक्टिव रहें। रोजाना 30 मिनट एक्सरसाइज करें। दौड़ें, योग करें, जुम्बा करें ऐरोबिक्स करें और ध्यान लगाएं।