पीएफ खाते में 59 लाख की धोखाधड़ी कर फरार एसआई गिरफ्तार

 बिलासपुर। एसपी कार्यालय में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक ने प्रधान आरक्षक के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों के पीएफ खाते में गड़बड़ी की है। एसआइ ने फर्जी हस्ताक्षर और चालान के माध्यम से 59 लाख रुपये निकाल लिए। गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर एसपी पारुल माथुर ने मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर एएसआइ और प्रधान आरक्षक के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया। इस बीच दोनों फरार हो गए। पुलिस ने बीते दिनों प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, एएसआइ की तलाश की जा रही थी। रविवार को सिविल लाइन पुलिस ने ओड़िशा के पदमपुर में घेराबंदी कर महिला एएसआइ को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया।