बदनावर। लेबड़-नयागांव फोरलेन बनने के बाद से ही दुर्घटनाओं के लिए चर्चा में रहा है। कई स्थान ब्लैक स्पाट के रूप में चिन्हित किए जा चुके हैं। इंजीनियर की सारी कवायदों के बावजूद दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में टोल प्लाजा कंपनी ने अब धर्म और अध्यात्म की शरण ली है। लेबड़ से जावरा तक के 125 किमी हिस्से में दोनों तरफ उत्तराखंड से पवित्र गंगा जल लाकर छिड़काव किया गया। ट्रैक्टर में गंगा जल भरकर फोरलेन के दोनों हिस्सों यानी 250 किमी सड़क पर गंगा जल का छिड़काव किया। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हवन किया। मृत लोगों की आत्मा शांति के लिए अनुष्ठान किया गया। उज्जैन से यज्ञाचार्य दीपक पांडया को आमंत्रित कर बोराली स्थित टोल प्लाजा पर भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की गई। सुंदरकांड पाठ एवं एक कुंडीय हवन का आयोजन किया गया। इसमें टोल कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों ने आत्म शांति के जाप कर यज्ञ में घी एवं शाकल्य की आहुतियां दी। हालांकि फोरलेन कंपनी द्वारा हाल ही में टेक्नीशियनों की देखरेख में सड़क संधारण से लेकर संकेतक, टूटे डिवाइडरों की मरम्मत, स्पीड ब्रेकर, संकेतक आदि के लिए पुरजोर कवायद की थी।
AD2
Social Plugin