मेरी जान को खतरा, मेरे खिलाफ हो रही है राजनीतिक साजिश - सूर्यकांत तिवारी

 

 रायपुर। कोयला परिवहन घोटाले में जेल में बंद आइएएस समीर बिश्नोई, मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी, कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल और लक्ष्मीकांत तिवारी (सूर्यकांत का भाई) आज फिर कोर्ट में पेश किया गया। सूर्यकांत तिवारी ने कोर्ट में पेश होने से पहले एक बड़ा का बयान दिया है। सूर्यकांत तिवारी ने कहा कि उसके खिलाफ राजनीतिक साजिश हो रही है। मेरी जान को इनसे खतरा है। पहले भी बता चुका हूं। न्यायपालिका पर पूर्ण भरोसा है। सच जल्द सामने आ जाएगा। हालांकि खतरा किससे है इस बात का जिक्र नहीं किया है। उनका कहना है कि समय आने पर सब कुछ सामने होगा। इस मामले को लेकर एडीजे अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट ने ईडी को जवाब देने के लिए शुक्रवार तक का समय दिया था। इससे एक दिन पहले कोर्ट ने आइएएस समीर बिश्नोई, मास्टरमाइंड सूर्यकांत तिवारी, कोयला कारोबारी सुनील अग्रवाल और लक्ष्मीकांत तिवारी (सूर्यकांत का भाई) की रिमांड को एक दिन और बढ़ा दिया था। गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे आइएएस समीर बिश्नोई, सुनील अग्रवाल और लक्ष्मीकांत तिवारी को न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की विशेष अदालत में पेश किया गया, जबकि एक बजे सूर्यकांत को लाया गया। कोर्ट में लगभग पांच घंटे तक दोनों पक्ष के वकीलों के बीच बहस चली। शाम सवा पांच बजे न्यायाधीश ने चारों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।