महिलाओं को शिक्षित, सशक्‍त करने से होगा देश का विकास - राष्‍ट्रपति मुर्मु

 

 भोपाल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मप्र के दो-दिवसीय प्रवास पर है। वह मंगलवार को शहडोल में आयोजित राज्‍यस्‍तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम छह बजे भोपाल पहुंचीं। आज वह भोपाल में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में भाग ले रही हैं। यहां अपने संबोधन में राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि मुझे बताया गया 42 लाख महिलाएं इस कार्यक्रम को देख रही है, उन्हें प्रणाम करती हूं। राष्ट्रपति ने कहा, समाज में बेटियां बेटों से भी आगे निकल रही है। महिला शिक्षित होती है तो परिवार शिक्षित होता है और पूरा समाज शिक्षित होता है। पुरुष और महिला दोनों को ही शिक्षित करना होगा, सशक्त करना होगा तभी देश विकास करेगा। सभी महिलाएं एक दूसरे को प्रेरित करे, मदद करें और आगे बढें। उन्‍होंने आगे कहा कि महिलाएं समाज के साथ देश को भी सशक्त कर रही है। महिलायों की जितनी भागीदारी होगी, देश उतना ही सशक्त होगा। महिलाओं में पंचायत से लेकर संसद तक जाने की योग्यता है। संवेदनशील पुरुष और जागरूक महिलाएं मिलजुल कर देश को सशक्त बनाए। मुर्मु ने महिलाओं का उत्‍साहवर्धन करते हुए कहा कि काम करते रहो, आगे बढ़ो, सरकार आपके साथ है। सुबह करीब सवा ग्‍यारह बजे राष्‍ट्रपति लाल परेड ग्राउंड पर स्‍थित मोतीलाल नेहरू स्‍टेडियम कार्यक्रम स्‍थल पर पहुंचीं। सम्मेलन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा भोपाल जिले के प्रभारी भूपेन्द्र सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल एवं भोपाल महापौर मालती राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद हैं।