नेपाल की जमीन कब्जा रहा चीन

 

 नेपाल की उत्तरी सीमा पर चीन ने 10 स्थानों पर 36 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा कर लिया है। जानकार इसे चीन की 'सलामी स्लाइसिंग' का नतीजा बता रहे हैं। चीन 'सलामी-स्लाइसिंग नीति' का इस्तेमाल दूसरे देशों की जमीन काटने के लिए कर रहा है। भारत से उसका सीमा विवाद जग जाहिर है। लेकिन अब नेपाल की जमीन भी कब्जाता जा रहा है। नेपाली कृषि मंत्रालय द्वारा जारी सर्वे दस्तावेज के मुताबिक चीन ने उत्तरी सीमा पर 10 जगहों पर नेपाल की 36 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा कर लिया। गृह मंत्रालय द्वारा किए गए अध्ययन से यह भी निष्कर्ष निकला है कि सीमा के मुद्दों को नेपाल की "राज्य नीति" में शामिल करना आवश्यक है। सलामी स्लाइसिंग रणनीति चीन की एक सोची समझी चाल है। इस रणनीति के तहत चीन बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने से पहले छोटी-छोटी कार्रवाई करता है। सीधे शब्दों में कहें तो चीन की सलामी स्लाइसिंग नीति का मतलब पड़ोसी देशों के खिलाफ छोटे-छोटे सैन्य ऑपरेशन चलाकर धीरे-धीरे किसी बड़े इलाके पर कब्जा करने से है। ऐसे ऑपरेशन इतने छोटे स्तर पर किए जाते हैं कि इनसे युद्ध की आशंका नहीं होती है, लेकिन पड़ोसी देश के लिए यह समझना मुश्किल हो जाता है कि इसका जवाब कैसे और कितना दिया जाए।  हालाकि, विश्व समुदाय और खुद नेपाली चीन की इस चाल को सही से पढ़ नहीं पा रहे हैं। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) ने 2016 में नेपाल के एक जिले में पशुपालन के लिए पशु चिकित्सा केंद्र बनाया था, लेकिन नेपाल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। यूके स्थित मीडिया द्वारा फरवरी 2022 की एक रिपोर्ट में, उल्टा चीन ने नेपाल पर साझा सीमाओं पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया था। इसके बाद आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर चीन ने नेपाल के सुदूर पश्चिमी हुमला जिले में सीमा चौकी के आसपास नहरें और सड़कें बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।